जमीन के लालच में मां बनी दुश्मन! कलयुगी बेटे से जान बचाने को सीएम से लगाई गुहार

वाराणसी(काशीवार्ता)। रोहनिया क्षेत्र से जमीन विवाद से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मां-बेटे के रिश्ते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि संपत्ति के विवाद में एक पुत्र अपनी ही मां की जान का दुश्मन बन बैठा। पीड़ित मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, जड़ावती देवी ने अपने दोनों बेटों के बीच संपत्ति का बंटवारा कर दिया था। छोटे बेटे अरविंद भारद्वाज को उसका हिस्सा पहले ही दे दिया गया था। बाद में उन्होंने अपने पास बची संपत्ति बड़े बेटे आजाद भारद्वाज के नाम गिफ्ट कर दी, क्योंकि वह और उसकी पत्नी उनकी सेवा और देखभाल कर रहे थे। जड़ावती देवी हार्ट की मरीज हैं और हाल ही में उनकी सर्जरी भी हुई है।

आरोप है कि बड़े बेटे के नाम संपत्ति होने से नाराज अरविंद भारद्वाज ने पहले भी अपनी मां का गला दबाकर उनकी हत्या का प्रयास किया था। उस समय मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद समझौता हो गया। इसके बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।

जड़ावती देवी का कहना है कि हाल ही में उनकी सहमति से बड़े बेटे आजाद ने उनकी जमीन सुविधा साड़ी के अधिष्ठाता मनोहर लाल शेवारमानी के नाम रजिस्ट्री कर दी। इसके बाद से छोटा बेटा लगातार नाराज है और कथित रूप से शराब के नशे में घर आकर जान से मारने की धमकी देता है।

पीड़ित मां का आरोप है कि उनका छोटा बेटा कभी भी उनकी हत्या करवा सकता है। इसी आशंका को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने प्राणों की रक्षा और उचित कार्रवाई की मांग की है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

TOP

You cannot copy content of this page