बैंकों से 1970 करोड़ की कथित ठगी! ईडी का बड़ा एक्शन, जेवीएल एग्रो की 4 करोड़ की संपत्ति अटैच

वाराणसी। मनी लांड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जेवीएल एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां अटैच कर ली हैं। यह कार्रवाई कंपनी के प्रमोटर सत्य नारायण झुनझुनवाला और उनके सहयोगियों के खिलाफ चल रही जांच के तहत की गई है। इससे पहले ईडी वाराणसी समेत कंपनी से जुड़े 13 ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। कुछ माह पहले भी ईडी ने कंपनी की 878.67 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की थीं।

सीबीआई द्वारा दर्ज मुकदमे के आधार पर ईडी ने मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच में आरोप है कि जेवीएल एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रमोटर सत्य नारायण झुनझुनवाला और उनके सहयोगियों ने निजी लाभ के लिए सुनियोजित साजिश रचकर बैंकों के कंसोर्टियम को 1970 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया।

ईडी के अनुसार, कथित अपराध से अर्जित धन को कंपनी के खातों से निकालकर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, कागजी कंपनियों तथा उनसे जुड़ी विभिन्न फर्मों में स्थानांतरित किया गया। एजेंसी का कहना है कि इस तरह अवैध कमाई को छिपाने और वैध दिखाने का प्रयास किया गया।

इस मामले में ईडी पहले ही सत्य नारायण झुनझुनवाला समेत 25 लोगों के खिलाफ विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। हालांकि, एजेंसी की जांच अभी भी जारी है और आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page