बनारस स्टेशन पर बड़ी चोरी: स्टाल कर्मचारी के बैग से ₹6.80 लाख और दो मोबाइल गायब

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन स्थित प्लेटफार्म नंबर-8 पर बुधवार- गुरुवार को चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोर कर्मचारी के बैग से करीब ₹6.80 लाख नकद और दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोरई गांव निवासी सतीश यादव रेलवे विभाग द्वारा निविदा के माध्यम से संचालित स्टाल में कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। सतीश यादव ने जीआरपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बुधवार-गुरुवार की रात्रि करीब 10 बजे वह अपने सहकर्मी श्रवण यादव के साथ दुकान के बाहर बैठे थे। दोनों ने अपने मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाए थे।
रात्रि में यात्रियों की आवाजाही कम होने के कारण दोनों कर्मचारियों की आंख लग गई। करीब 1:45 बजे जब उनकी नींद खुली और वे दुकान के अंदर पहुंचे तो चार्जिंग पर लगे दोनों मोबाइल फोन गायब मिले। इसके बाद खोजबीन करने पर पता चला कि काउंटर के नीचे रखा बैग भी चोरी हो चुका है, जिसमें लाइसेंस फीस जमा करने के लिए रखे गए ₹6.80 लाख नकद थे। वहीं काउंटर में रखे दिनभर की बिक्री के करीब ₹30 हजार रुपये भी गायब मिले।

चोरी हुए मोबाइल में एक ओप्पो A-16 और दूसरा इनफिनिक्स कंपनी का बताया गया है। घटना की सूचना तत्काल स्टेशन कर्मचारियों और जीआरपी को दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई देने की बात सामने आई है।

TOP

You cannot copy content of this page