
वाराणसी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के जारी प्रदर्शन की गूंज अब वाराणसी तक पहुंच गई है। बीएचयू समेत अन्य विश्वविद्यालयों में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बरेका स्थित क्वार्टर नंबर 182-एल में कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव को एहतियातन पुलिस ने नजरबंद कर दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी फैल गई। अनुराधा यादव के समर्थन में रेनू चौधरी, संगीता रावत, दीपक चौधरी, वकील अंसारी समेत कई कार्यकर्ताओं ने मौके पर नारेबाजी कर विरोध जताया। कुछ देर तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बरेका चौकी प्रभारी विशाल सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव, महिला उपनिरीक्षक नेहा परवीन, अन्य पुलिसकर्मियों तथा बरेका सीआईबी के मुन्ना यादव अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात रहे। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है।
