सावन के पहले सोमवार पर काशी हाई अलर्ट, शिवालयों की सुरक्षा व्यवस्था का एसीपी ने लिया जायजा

वाराणसी। सावन माह के पहले सोमवार को लेकर काशी पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। आदमपुर क्षेत्र स्थित प्राचीन ओमकारेश्वर शिव मंदिर समेत सभी प्रमुख और छोटे-बड़े शिवालयों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

रविवार को एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह तथा आदमपुर थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने ओमकारेश्वर मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग की व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की रूपरेखा तैयार की गई।

थाना प्रभारी ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सहयोगपूर्ण व्यवहार करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करें, ताकि सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर सकें।

TOP

You cannot copy content of this page