
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में रविवार को एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान धनंजय पाल के रूप में हुई है, जो साड़ी कारोबार से जुड़ा था। मृतक के भाई बृजेश पाल ने बताया कि धनंजय काम से लौटने के बाद अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उनकी मां विशुन देवी कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने धनंजय को फंदे से लटका देखा। यह देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने खिड़की के रास्ते कमरे में पहुंचकर धनंजय को नीचे उतारा और तत्काल परमहंस अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर उप निरीक्षक दिनेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
