
वाराणसी-(काशीवार्ता)-रोहनियां थाना क्षेत्र के ग्राम बच्छांव में मंगलवार देर रात एक हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तालाब के किनारे स्थित एक कच्चा मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और घर के अंदर सो रही दो मासूम सगी बहनें मलबे के साथ तालाब के पानी में समा गईं। पानी में डूबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा 11 तारीख को रात्रि लगभग 01:30 बजे थाना क्षेत्र रोहनिया अंतर्गत ग्राम बच्छांव में हुआ। मृतकों की पहचान अहियुद्दीन की दो पुत्रियों के रूप में हुई है आफिया पुत्री अहियुद्दीन, उम्र लगभग 06 वर्ष। फलक पुत्री अहियुद्दीन, उम्र लगभग 03 वर्ष। ग्रामीणों के अनुसार अहियुद्दीन का परिवार लंबे समय से तालाब के किनारे बने कच्चे-पक्के मकान में रह रहा था। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण तालाब का जलस्तर बढ़ गया था और पानी लगातार मकान की नींव में रिस रहा था, जिससे दीवारें बेहद कमजोर हो गई थीं। रात में जब परिवार गहरी नींद में था, तभी तालाब की तरफ वाली दीवार अचानक गिर गई। दीवार गिरने से फर्श धंस गया और चारपाई पर सो रही दोनों बच्चियां मलबे के साथ सीधे तालाब के गहरे पानी में चली गईं। पिता ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया लेकिन अंधेरे और मलबे के कारण वह सफल नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रोहनियां पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। अंधेरा और पानी अधिक होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य हेतु एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रात भर सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों बच्चियों के शवों को तालाब से बाहर निकाला। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। एक साथ दो मासूमों की मौत से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बेसुध पड़ी है, वहीं पिता अहियुद्दीन बेबस खड़ा है। इस घटना के बाद पूरे बच्छांव गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिया जाए, साथ ही तालाब किनारे बसे अन्य जर्जर मकानों का सर्वे कराकर उन्हें भी सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
