नगर निगम की तहरीर पर सिगरा पुलिस की कार्रवाई
अवैध धन उगाही की शिकायत के बाद हुई गिरफ्तारी
वाराणसी (काशीवार्ता) – मलदहिया स्थित किसान फूल मंडी के पूर्व संचालक विशाल दुबे को सिगरा पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई नगर निगम के नायब तहसीलदार शेषनाथ द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने 19 जनवरी 2026 को विशाल दुबे का एग्रीमेंट समाप्त कर मंडी को अवैध कब्जे से मुक्त कराते हुए तालाबंदी कर दी थी। इसके बाद निगम प्रशासन ने फूल विक्रेताओं को पुनः स्थान आवंटित कर मंडी का संचालन शुरू कराया।
इसके बावजूद आरोप है कि पूर्व संचालक विशाल दुबे लगातार हस्तक्षेप कर मनमानी और अवैध धन उगाही कर रहा था। इससे पहले 14 फरवरी को भी उसके खिलाफ इसी तरह का मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं 13 अप्रैल को मंडी के दुकानदारों ने नगर निगम में लिखित शिकायत दी थी।
शिकायतों की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
