सीपी ने सिगरा व भेलूपुर थानों का किया निरीक्षण, नव आरक्षियों को टेक-सैवी बनने के निर्देश

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सिगरा व भेलूपुर थानों का निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नव नियुक्त आरक्षियों से संवाद कर उनकी मूलभूत सुविधाओं—आवास, भोजन और शुद्ध पेयजल—की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरक्षियों को अनुभवी पुलिसकर्मियों के साथ जोड़कर बीट आवंटन शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि उन्हें क्षेत्रीय कार्य का व्यावहारिक अनुभव मिल सके।

सीपी ने स्पष्ट किया कि शुरुआती चरण में आरक्षियों को कार्यालयी कार्यों से दूर रखते हुए फील्ड ड्यूटी में दक्ष बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए। आधुनिक पुलिसिंग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आरक्षियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने पर विशेष बल दिया। इसके तहत सीसीटीएनएस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज निरीक्षण और डीवीआर संचालन का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।

साथ ही ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली के माध्यम से डिजिटल साक्ष्यों के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया गया। अपराध नियंत्रण, मिशन शक्ति और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऑपरेशन चक्रव्यूह, यक्ष ऐप व आरटीसी प्रणाली के प्रभावी उपयोग की भी बात कही गई। निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

TOP

You cannot copy content of this page