
वाराणसी (काशीवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र के काशीराम आवास में भरोसे को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर रिश्ते और जान-पहचान का फायदा उठाकर एक अनपढ़ महिला के बैंक खाते से 10 लाख 50 हजार रुपये निकाल लेने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काशीराम आवास के ब्लॉक-74 निवासी मनी देवी, पत्नी बबलू कन्नौजिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ब्लॉक-93 निवासी सतीश कुमार गौंड, पुत्र अजय कुमार गौंड का उनके घर नियमित आना-जाना था। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उनका मोबाइल अपने पास लिया और बिना उनकी जानकारी के उसमें फोनपे (PhonePe) आईडी बना ली।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने धीरे-धीरे अलग-अलग समय पर उनके बैंक खाते से करीब 10.5 लाख रुपये निकाल लिए। जब मनी देवी स्वयं बैंक पहुंचीं और रुपये निकालने का प्रयास किया, तब उन्हें पता चला कि उनके खाते से लगभग पूरी रकम गायब हो चुकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाते हुए आरोपी से पूरी रकम वापस दिलाने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिवपुर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों के लेनदेन और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
