बनारस स्टेशन के स्टॉल से सात लाख की चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-8 स्थित स्टॉल से सात लाख रुपये से अधिक की चोरी के मामले का कैंट जीआरपी ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 3 लाख 93 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर, पूर्वोत्तर रेलवे आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार तथा सीआईबी इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि 28 मई की रात स्टॉल से 7 लाख 10 हजार रुपये से भरा बैग चोरी हो गया था। घटना के समय स्टॉल कर्मचारी श्रवण यादव और सतीश बाहर बेंच पर सो रहे थे। चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले स्टॉल के फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक निकालकर पी थी, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थीं।

घटना के बाद मुकदमा दर्ज कर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। स्टेशन परिसर में लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्धों की गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर टीम बाबतपुर तक पहुंची और सुंदरपुर निवासी आकाश पटेल को बनारस स्टेशन की वाशिंग लाइन से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर बड़ागांव निवासी सभाजीत उर्फ सोनू को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार आकाश के पास से 1 लाख 93 हजार रुपये तथा सभाजीत के पास से 2 लाख रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की। इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि आकाश पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और घटना के बाद सभाजीत उसे संरक्षण दे रहा था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

TOP

You cannot copy content of this page