सारनाथ (वाराणसी)। स्थानीय थाना अंतर्गत सथवा में बने दैत्रावीर बाबा मंदिर के बगल में प्राचीन हनुमान मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति को बीती देर रात किसी ने खंडित कर दिया, इसकी जानकारी होने पर गांव में रहने वाले आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी एवं दरोगा जितेंद्र पाल ने बताया कि यह मंदिर कायस्थ परिवार, जो इस गांव में रहते हैं, द्वारा बनवाया गया है। इस मंदिर में लगे हनुमान जी की मूर्ति को किसी अराजक तत्व द्वारा देर रात्रि में किसी वक्त क्षतिग्रस्त करके खंडित कर दिया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा पूछताछ एवं जांच की जा रही है।
गांव में ही रहने वाले वीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मंदिर में कायस्थ परिवार के लोग वर्षों से पूजा पाठ आदि किया करते हैं। आज सुबह जब वह अपने खेत पर जा रहे थे तो उन्होंने देखा कि मंदिर में तोड़फोड़ की गई है। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल अपने पड़ोसियों को दी। सूचना पाकर पहुंचे डॉ. अरविंद श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, जितेंद्र श्रीवास्तव द्वारा तत्काल सारनाथ थाने में इसकी सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस के उच्च अधिकारी भी पहुंच गए हैं। गांव वाले एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
