वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित किरहिया मोहल्ले में 19 वर्षीय छात्रा आयुषी गुप्ता ने रविवार दोपहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता आशीष गुप्ता ने बताया कि आयुषी ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उसकी मां रंजू गुप्ता तथा छोटे भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार आयुषी का काश्मीरीगंज, खोजवा निवासी एक युवक से प्रेम संबंध था और वह उससे विवाह करना चाहती थी। बताया जा रहा है कि शादी को लेकर बनी परिस्थितियों से वह मानसिक रूप से परेशान थी।
परिजनों ने बताया कि रविवार शाम काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। जब दरवाजा खोला गया तो आयुषी फंदे से लटकी मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
