वाराणसी में बाबा साहब, भगवान बुद्ध और मां काली की प्रतिमाओं से छेड़छाड़, पुलिस ने कसा आरोपियों पर शिकंजा

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में देर रात अराजक तत्वों द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, तथागत भगवान बुद्ध और मां काली की प्रतिमाओं से कथित छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

शनिवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चोलापुर और सारनाथ थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा ग्रामीणों से लगातार संवाद किया गया।

एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि राजकुमार भारती की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय इनपुट और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं के स्थान पर जल्द नई प्रतिमाएं स्थापित कराई जाएंगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने संयम बनाए रखने और पुलिस जांच में सहयोग करने का भरोसा दिया।

ग्रामीण बच्चेलाल गौतम, पन्ना लाल गौतम, बांसराज गौतम, राजकुमार गौतम, दुर्गा देवी, शीला, मलाकी देवी, निर्मला, राम आश्रय प्रसाद, जीउत राम और राजनारायण समेत कई लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और नई प्रतिमाओं की जल्द स्थापना की मांग की। मौके पर चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा, चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम और सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी अपनी-अपनी पुलिस टीम के साथ देर तक मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page