वाराणसी। रथयात्रा मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने शनिवार को राजातालाब क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मेला क्षेत्र, शोभायात्रा मार्ग, संवेदनशील स्थलों, पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही का जायजा लेते हुए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र, सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब वीर सिंह, संबंधित थाना प्रभारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, वैकल्पिक मार्ग, आपातकालीन निकासी, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, अग्निशमन और चिकित्सा सहायता जैसी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।
अपर पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला अवधि में हर ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिस की सतत मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहे, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या लावारिस वस्तु की तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, पार्किंग स्थलों पर प्रभावी प्रबंधन, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस और एंटी रोमियो टीम की सक्रिय तैनाती, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी तथा सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधिकारियों को पैदल गश्त बढ़ाने, रात्रिकालीन सुरक्षा मजबूत रखने, खोया-पाया केंद्र सक्रिय रखने और मेला क्षेत्र को अतिक्रमण व अवैध पार्किंग से मुक्त रखने के लिए भी कहा गया। निरीक्षण के बाद हुई समीक्षा बैठक में श्री मीणा ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के प्रत्येक पहलू पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि रथयात्रा मेला पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
वाराणसी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, केवल अधिकृत पार्किंग का उपयोग करें, किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 या निकटतम पुलिसकर्मी को दें।
