पीएम मोदी ने डीएम सत्येंद्र कुमार से फोन पर जाना वाराणसी का बाढ़ हालात, राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

वाराणसी। काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में बाढ़ की स्थिति को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से टेलीफोनिक वार्ता की। प्रधानमंत्री ने जिले में बढ़ते जलस्तर और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से नदी के जलस्तर के साथ राहत शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

प्रधानमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर अभियान चलाकर कार्य करे। प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल, चिकित्सा समेत सभी तत्काल आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में राहत सामग्री की अतिरिक्त आवश्यकता महसूस हो रही है, वहां बिना किसी देरी के पर्याप्त सामग्री की व्यवस्था की जाए। राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और जरूरतमंद लोगों तक मदद तेजी से पहुंचे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों पर लगातार सतर्क नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहें और बाढ़ पीड़ितों को हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं।

प्रधानमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज करने तथा प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया है।

TOP

You cannot copy content of this page