
वाराणसी, 03 अगस्त 2026। सावन माह के प्रथम सोमवार पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं के बीच मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ के विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
दर्शन-पूजन के बाद मंडलायुक्त ने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। फूलों की वर्षा होते ही पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
मंडलायुक्त ने सावन के प्रथम सोमवार की सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाबा के दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र, एसडीएम शंभू कुमार सहित मंदिर प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
