सावन के पहले सोमवार पर काशी में दिखी सर्वधर्म एकता की मिसाल, सपा के सेवा शिविर में श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत

वाराणसी। सावन के प्रथम सोमवार पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए उमड़े लाखों श्रद्धालुओं के बीच समाजवादी पार्टी ने सेवा और सद्भाव का संदेश देते हुए अनूठी पहल की। जंगमबाड़ी मठ के पास यूको बैंक के सामने लगाए गए सर्वधर्म सेवा शिविर में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोगों ने एक साथ मिलकर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और उनकी सेवा में जुटे रहे।

समाजवादी नेता रजत वाल्मीकि के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में श्रद्धालुओं को फल, फलाहार, लस्सी, शीतल पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। सुबह से देर तक चलने वाले इस सेवा अभियान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और आयोजन की सराहना की।

आयोजकों ने कहा कि सावन का पवित्र महीना केवल भगवान शिव की आराधना का अवसर नहीं, बल्कि सेवा, समरसता और भाईचारे का भी संदेश देता है। सभी धर्मों के लोगों का एक मंच पर आकर श्रद्धालुओं की सेवा करना सामाजिक एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करता है।

क्रिश्चियन कमेटी के प्रतिनिधि विवेक जोसेफ ने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान ही समाज को मजबूत बनाते हैं।”

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और सर्वधर्म समाज के लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि काशी की गंगा-जमुनी तहज़ीब और सामाजिक सौहार्द की ऐसी तस्वीर पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

TOP

You cannot copy content of this page