मड़ौली में तेज रफ्तार कार का कहर, मां-बेटे को कुचला

5 साल के मासूम की मौत, गंभीर घायल मां का ट्रॉमा सेंटर में इलाज

वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित मड़ौली में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा क्राइस्ट स्कूल के सामने उस समय हुआ, जब मां-बेटा बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल घर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर के गोविंदपुर निवासी विपिन शर्मा परिवार के साथ वाराणसी इंक्लेव कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे उनकी पत्नी सरिता शर्मा (26) अपने इकलौते बेटे वंश शर्मा के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान मोड़ैला की ओर से तेज रफ्तार में आ रही टियागो ईवी कार ने फुटपाथ पर चल रहे मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने वंश को मृत घोषित कर दिया, जबकि सरिता की हालत गंभीर बनी हुई है।

मासूम बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता विपिन शर्मा बेसुध हो गए। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। विपिन मंडुवाडीह-ककरमत्ता फ्लाईओवर स्थित एक होटल में चालक का काम करते हैं।

मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार जितेंद्र कुमार के नाम पर पंजीकृत है। वाहन स्वामी और चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा कार को कब्जे में लेकर बरेका पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है। पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

12 दिन में दूसरी बड़ी दुर्घटना

मड़ौली-मंडुवाडीह मार्ग पर 12 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। इससे पहले 10 मई को भुल्लनपुर पीएसी के पास तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार मां-बेटी को कुचल दिया था, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और शाम के समय अव्यवस्था पर रोक लगाने की मांग की है।

TOP

You cannot copy content of this page