
वाराणसी। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर वाराणसी पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-05 के द्वितीय चरण के तहत मंडुआडीह थाना क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त के आदेश के क्रम में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में पहुंची महिला पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला अपराधों से बचाव, सुरक्षा उपायों और पुलिस की ओर से मिलने वाली सहायता के बारे में जानकारी दी।
अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेजों के आसपास बेवजह घूमने वाले मनचलों और संदिग्ध युवकों की चेकिंग की गई। पुलिस की सक्रियता से कॉलेज परिसरों और आसपास के इलाकों में खलबली मची रही।
जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को 112, 108, 1090, 1076, 1930 और 9670705555 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़खानी, उत्पीड़न या असुरक्षा महसूस होने पर छात्राएं बिना संकोच तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से मदद ले सकती हैं।
महिला पुलिसकर्मियों ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने के उपाय भी बताए। छात्राओं को मंडुआडीह थाने में स्थापित नवीन मिशन शक्ति केंद्र और सरकार की ओर से संचालित मिशन शक्ति के तहत 360 डिग्री कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, साइबर फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों को लेकर सावधानी बरतने की अपील की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
