लंका-भेलूपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

चोरी की स्कूटी, करीब चार लाख की दो सफेद धातु की सिल्लियां और 50 हजार रुपये नकद बरामद

वाराणसी। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लंका और भेलूपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बंद मकानों में चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की स्कूटी, सफेद धातु की दो सिल्लियां और 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। दोनों सिल्लियों की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर सोनकर (21), करन सोनकर (20), दोनों निवासी लंका क्षेत्र, तथा हिमांशू गिरी (19), मूल निवासी रोहतास बिहार और वर्तमान निवासी भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को 1 सितंबर की रात करीब 1:45 बजे रविंद्रपुरी पेट्रोल पंप के पास खाली प्लाट से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी में सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से भी मदद मिली।

बंद मकानों में करते थे चोरी

पूछताछ में आरोपियों ने रमना की भागवत धाम कॉलोनी, डाफी की श्यामनगर कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी भगवानपुर मोड़ और भेलूपुर की जानकी नगर कॉलोनी में बंद मकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा चेतगंज क्षेत्र के जगतगंज में हुई चोरी में भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक डाफी से चोरी किए गए चांदी के आभूषणों को आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से एक व्यक्ति से पिघलवाकर सफेद धातु की सिल्लियां बनवा ली थीं।

नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे वारदात

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और इसी जरूरत को पूरा करने के लिए चोरी करते थे। चोरी के जेवर और सामान बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लेते थे और अधिकांश रकम नशे व अन्य खर्चों में इस्तेमाल कर देते थे।

चार मुकदमों से जुड़ी बरामदगी

पुलिस के अनुसार बरामद 50 हजार रुपये और दोनों सिल्लियां लंका व भेलूपुर थानों में दर्ज चार मुकदमों से संबंधित हैं। इनमें लंका के तीन मामलों से 19 हजार, दो हजार और 14 हजार रुपये तथा एक सफेद धातु की सिल्ली, जबकि भेलूपुर के मुकदमे से 15 हजार रुपये और दूसरी बड़ी सिल्ली बरामद की गई है। चोरी में इस्तेमाल/बरामद एक स्कूटी भी पुलिस ने कब्जे में ली है।

कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ लंका, भेलूपुर, रोहनिया, सिगरा और लालपुर-पांडेयपुर के अलावा गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाने में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, घर में घुसकर चोरी, चोरी का सामान रखने या खपाने, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।

सीसीटीवी और सर्विलांस से खुलासा

बंद मकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। जानकारी मिलने के बाद घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई लंका प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और भेलूपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह की अन्य वारदातों और चोरी का सामान खरीदने वालों के संबंध में भी जांच जारी है।

TOP

You cannot copy content of this page