
वाराणसी के लख्खा मेलों में शुमार ऐतिहासिक तीन दिवसीय रथयात्रा मेले का गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हो गया। मेले के पहले दिन भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर और रथयात्रा मार्ग पर भक्तों ने जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग, पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ प्रसाद, खिलौने, मिठाइयों और घरेलू सामानों की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। तीन दिनों तक चलने वाला यह ऐतिहासिक मेला काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रमुख आकर्षण माना जाता है।
