वाराणसी। बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का मंगलवार को वाराणसी पुलिस ने भंडाफोड़ किया। डीसीपी वरुणा के निर्देशन में एसीपी सारनाथ और सारनाथ थाना प्रभारी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर छह लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को कॉल सेंटर संचालक बताकर बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई वैध कॉल सेंटर नहीं था, बल्कि नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला एक संगठित सिंडीकेट संचालित किया जा रहा था।
गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और मोबाइल कॉल के जरिए युवाओं से संपर्क करते थे। इसके बाद विभिन्न कंपनियों में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग और सिक्योरिटी फीस के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी। पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और कई बेरोजगार युवक-युवतियां इनके झांसे में आ चुके हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, दस्तावेज, रजिस्टर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जब्त सामानों की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।
फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
