कचहरी में फ्री हाई-स्पीड वाई-फाई की शुरुआत, QR स्कैन करते ही मिलेगा इंटरनेट, भीड़ में भी नहीं घटेगी स्पीड

वाराणसी। डिजिटल काशी की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कचहरी परिसर में नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई सेवा शुरू कर दी है। बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में इस सुविधा का शुभारंभ किया। अब अधिवक्ता, वादकारी, छात्र और आम नागरिक बिना किसी शुल्क के इंटरनेट का उपयोग कर सकेंगे।

नगर निगम की इस डिजिटल पहल के तहत पहले चरण में अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट, दूसरे चरण में बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर को फ्री वाई-फाई से जोड़ा गया था। अब तीसरे चरण में कचहरी परिसर भी इस सुविधा से जुड़ गया है। इसके साथ ही वाराणसी के पांच प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को मुफ्त हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध होने लगा है।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि आज के दौर में इंटरनेट लोगों की बुनियादी जरूरत बन चुका है। वाराणसी को स्मार्ट और डिजिटल शहर बनाने की दिशा में यह पहल अहम साबित होगी। उन्होंने बताया कि वाई-फाई जोन में लगाए गए विशेष बोर्ड पर मौजूद क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही उपयोगकर्ता आसानी से इंटरनेट सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

इस परियोजना के संचालन की जिम्मेदारी बीएसएनएल को सौंपी गई है। बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नेटवर्क को इस तरह तैयार किया गया है कि कचहरी परिसर में अधिक भीड़ होने पर भी इंटरनेट की स्पीड और कनेक्टिविटी प्रभावित नहीं होगी।

कार्यक्रम का संचालन बनारस बार एसोसिएशन के महामंत्री सुधांशु मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सेंट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों तथा बीएसएनएल के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page