
वाराणसी (काशीवार्ता )लगातार हो रही भीषण बारिश के कारण दीवानी न्यायालय परिसर स्थित परिवार न्यायालय की ऊपरी छत से पानी का रिसाव होने के चलते परिवार न्यायालय संख्या-2 और 3 के न्यायालय कक्षों में अचानक करंट उतर आया। सुरक्षा के मद्देनजर इन न्यायालय कक्षों की बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से विच्छेदित कर दी गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से मंगलवार सुबह से न्यायालय का कामकाज प्रभावित रहा।
स्थिति को देखते हुए प्रधान पारिवारिक न्यायाधीश ने परिवार न्यायालय में लंबित वादों में प्रधान परिवार न्यायालय के साथ-साथ परिवार न्यायालय संख्या-2 एवं 3 में सामान्य तिथि (जनरल डेट) दिए जाने का आदेश जारी किया। इसके चलते दूर-दराज से पहुंचे अधिवक्ताओं और वादकारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश और पानी के रिसाव के कारण पूरे न्यायालय परिसर में काफी देर तक अंधेरा छाया रहा। अदालत के कर्मचारी, अधिवक्ता और वादकारी अपने-अपने मामलों की तारीख की जानकारी के लिए न्यायालय कक्षों के बाहर परेशान नजर आए।
काफी मशक्कत के बाद परिवार न्यायालय संख्या-1 के न्यायालय कक्ष एवं कार्यालय की बिजली आपूर्ति करीब दो घंटे बाद बहाल की जा सकी। वहीं, परिवार न्यायालय संख्या-2 एवं 3 में विद्युत आपूर्ति अभी भी सुरक्षा कारणों से बंद रखी गई है और मरम्मत का कार्य जारी है।
अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से अधिवक्ताओं और वादकारियों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण परिसर में बारिश के दौरान जल रिसाव और विद्युत व्यवस्था को लेकर स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में न्यायिक कार्य प्रभावित न हो और अधिवक्ताओं व वादकारियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
