
वाराणसी में शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को किया संबोधित, भाजपा प्रत्याशियों डॉ. प्रमोद मिश्र और केदारनाथ सिंह के समर्थन में की मतदान की अपील
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का काम किया है। शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अब उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया, दंगों और कर्फ्यू से नहीं, बल्कि बेहतर कानून व्यवस्था और विकास से होती है।
मुख्यमंत्री बुधवार, 14 अक्टूबर को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वाराणसी शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शिक्षक विधान परिषद क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्र और स्नातक विधान परिषद क्षेत्र के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह के समर्थन में मतदान की अपील की।
9.5 लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस भर्ती के तहत 32 हजार और होमगार्ड भर्ती के माध्यम से 42 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। ओडीओपी और पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिए तीन करोड़ से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का काम किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में भदोही, शाहजहांपुर, कुशीनगर, मिर्जापुर, आजमगढ़, बलरामपुर, मुरादाबाद, सहारनपुर और अलीगढ़ सहित कई जिलों में नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा में शिक्षकों के 1.60 लाख से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की गई है। युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए 62 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन भी वितरित किए गए हैं।
शिक्षकों और कर्मचारियों के हित में उठाए कदम
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उनके अनुसार, सरकारी, अनुदानित और स्ववित्तपोषित शिक्षकों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया गया है। स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए 40 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक के सुरक्षा बीमा कवर की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) का उल्लेख करते हुए कहा कि 14 लाख कार्मिकों के खातों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई और सरकारी अंशदान को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया गया है।
काशी और अयोध्या से बढ़ी प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम के भव्य निर्माण से वाराणसी में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण और प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार उत्तर प्रदेश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था और भर्तियों में पक्षपात के आरोप लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठते थे और कर्मचारियों एवं शिक्षकों के एनपीएस खातों में अंशदान जमा करने में भी लापरवाही हुई थी।
मतदान को लोकतांत्रिक जिम्मेदारी बताया
कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने मतदाताओं से 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव में अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन मिलने वाले अवकाश का उपयोग पिकनिक के बजाय लोकतांत्रिक कर्तव्य निभाने में किया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों डॉ. प्रमोद मिश्र और केदारनाथ सिंह को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन को स्नातक प्रत्याशी केदारनाथ सिंह और शिक्षक प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्र ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी अरुण पाठक, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल तथा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, टी. राम और धर्मेंद्र राय सहित कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, सह संयोजक अशोक पाण्डेय, चंद्रशेखर उपाध्याय, पूजा दीक्षित, विकास बागी, राकेश जायसवाल, अजय गुप्ता, अमित खरे, अनिल तिवारी, विनय सिंह, अमित श्रीवास्तव, संजीव बनारसी सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
