डीसीपी नीतू काद्दयान ने संभाली कमान, लापरवाह पुलिसकर्मियों को दी सख्त चेतावनी

वाराणसी -(काशीवार्ता)-पुलिस कमिश्नरेट के गोमती जोन में सुरक्षा और व्यवस्था को नई धार देने के लिए नवागत पुलिस उपायुक्त श्रीमती नीतू कादयान ने आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद जोन के समस्त थाना प्रभारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। इस गोष्ठी के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक का समावेश और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, गश्त व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। डीसीपी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे ई-साक्ष्य ऐप और यक्ष ऐप के अनिवार्य उपयोग पर बल देते हुए कहा कि विवेचना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की डिजिटल त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थानों पर बाहरी व्यक्तियों और दलालों के हस्तक्षेप को पूर्णतः प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए और कहा कि फरियादियों के साथ पुलिस का व्यवहार संवेदनशील एवं सहयोगात्मक होना चाहिए। इसके अलावा गो-तस्करी, अवैध शराब और जुए जैसे अपराधों के खिलाफ कठोर अभियान चलाने तथा कोर्ट द्वारा जारी वारंट व सम्मन का शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित करने के लिए भी पुलिस बल को निर्देशित किया गया है।

TOP

You cannot copy content of this page