
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स कार्मिकों को लेकर बड़ा कदम उठाने की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि जल्द ही आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही UPCOS पोर्टल एवं वेबसाइट की भी लॉन्चिंग होगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान आउटसोर्स कार्मिकों को चेक भी वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक कार्मिक के श्रम और योगदान को सम्मान देना है। सरकार की इस पहल से आउटसोर्सिंग व्यवस्था में कार्यरत कर्मचारियों को बेहतर पारदर्शिता और सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
सीएम योगी ने अपने पोस्ट में कहा कि “प्रत्येक कार्मिक के श्रम को सम्मान, यही है नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान।” सरकार इस पहल को कर्मचारियों के हित और व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देख रही है।
