रातों-रात राख हुई कपड़े की दुकान, संदिग्ध आग में 5 लाख का सामान स्वाहा

बड़ागांव (वाराणसी), 22 जुलाई। बड़ागांव थाना क्षेत्र के साधोगंज बाजार में बुधवार तड़के एक कपड़ों की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, लखापुर गांव निवासी राजकुमार पटेल की साधोगंज बाजार में “न्यू पटेल होलसेल बाजार” नाम से कपड़ों की दुकान है। मंगलवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार भोर में आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा और इसकी सूचना दुकानदार को दी।

सूचना मिलते ही दुकानदार का पुत्र सूरज पटेल मौके पर पहुंचा। दुकान खोलने पर अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। आग से दुकान में रखा करीब 5 लाख रुपये मूल्य का कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

बताया जा रहा है कि यह दुकान कुछ ही दिन पहले शुरू की गई थी। सूचना मिलने पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

TOP

You cannot copy content of this page