वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने पहड़िया मंडी स्थित अस्पताल के पास आधी रात अवैध रूप से संचालित जुए के फड़ पर छापेमारी कर सात जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
मुखबिर की सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से 49 ताश के पत्ते, 79,500 रुपये मालफड़, जामा तलाशी से 20,850 रुपये नकद तथा 9 मोबाइल फोन बरामद किए। इस कार्रवाई में कुल 1,00,350 रुपये की नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में राजू यादव, रोहित पाल, विशाल भारती, अजय जायसवाल, पंकज कुमार जैसर, शशिशेखर और राजेश यादव उर्फ तेजू यादव शामिल हैं। सभी को 18 जुलाई की देर रात करीब 12:20 बजे गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में थाना लालपुर-पांडेयपुर में सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
