मण्डुवाडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: धोखाधड़ी के मुकदमे में अभियुक्ता गिरफ्तार

दुकान से आभूषण और सोने की चोरी के मामले में दर्ज था मुकदमा, सूर्य सरोवर पोखरा से हुई गिरफ्तारी

वाराणसी। अपराधों की रोकथाम और वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मण्डुवाडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विगत दिनों अवलेशपुर स्थित नारायण दास सर्राफ के तरफ से मंडुवाडीह पुलिस को प्रबन्धक व एक आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था जिसपर पुलिस टीम ने धोखाधड़ी और विश्वासघात कर आभूषण एवं सोने की चोरी करने के मामले में वांछित एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 0309/2026, धारा 316(5), 61(2) बीएनएस, थाना मण्डुवाडीह कमिश्नरेट वाराणसी से संबंधित अभियुक्ता को 5 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11:20 बजे थाना क्षेत्र के डीएलडब्ल्यू सूर्य सरोवर पोखरा से गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां के नेतृत्व में मण्डुवाडीह पुलिस टीम ने गिरफ्तारी की।

दुकान से आभूषण चोरी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 को वादी ने थाना मण्डुवाडीह में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि प्रतिवादीगण ने उसकी दुकान से विश्वासघात और धोखाधड़ी करते हुए आभूषण एवं सोने की चोरी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की जांच उपनिरीक्षक विशाल कुमार सिंह द्वारा की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्ता की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसे निर्धारित स्थान से गिरफ्तार करने के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आपराधिक इतिहास: गिरफ्तार अभियुक्ता के विरुद्ध फिलहाल थाना मण्डुवाडीह में दर्ज मु0अ0सं0 0309/2026, धारा 316(5), 61(2) बीएनएस का मामला सामने आया है।

TOP

You cannot copy content of this page