वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के भोजूबीर स्थित आर्य नगर कॉलोनी में पारिवारिक और संपत्ति विवाद ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया। उदय प्रताप कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राध्यापक राजदेव सिंह के परिवार ने आरोप लगाया है कि जेल से रिहा होने के कुछ ही घंटों बाद उनकी भतीजी अपने बेटे के साथ घर पहुंची और हंगामा खड़ा कर दिया। मामले में शिवपुर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
सेवानिवृत्त प्राध्यापक की पत्नी श्यामा सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी भतीजी कल्पना सिंह, पत्नी स्वर्गीय रणधीर सिंह, निवासी भगनपुरा (थाना चौबेपुर), एक फर्जीवाड़े के मुकदमे में करीब पौने दो माह जेल में रहने के बाद 29 जुलाई को रिहा हुई। आरोप है कि जेल से बाहर आते ही वह अपने पुत्र प्रशांत सिंह के साथ उनके घर पहुंची और जबरन अंदर घुसने का प्रयास करने लगी।
तहरीर के अनुसार, जब परिवार ने इसका विरोध किया तो प्रशांत सिंह ने गाली-गलौज की और घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद परिवार दहशत में है। श्यामा सिंह ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मकान को लेकर विवाद चल रहा है, वह काफी पुराना है। बताया जाता है कि कल्पना सिंह अपने पुत्र के साथ लंबे समय से उसी मकान में रह रही है। मकान के स्वामित्व और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद बना हुआ है, जो अब फिर से सामने आ गया है।
उधर, शिवपुर पुलिस का कहना है कि मामले की तहरीर प्राप्त हो चुकी है। दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।
