
चौबेपुर( काशीवार्ता )
क्षेत्र के बर्थरा कला (टड़िया) गांव निवासी राजेश कुमार की 19 वर्षीय पुत्री रोशनी की मंगलवार सुबह सरैया विशुनपुरा पप्पू प्रधान के घर के सामने डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोककर चालक की पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।जानकारी के अनुसार रोशनी श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थी। बिशनपुरा में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के सामने पहुंचते ही वह डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोक लिया और चालक को पकड़कर उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। उधर, छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर जाल्हूपुर बाजार पहुंचे और बार्थरा कला मार्ग के सामने चंद्रा-बलुआ रोड पर शव रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना के बाद विद्यालय से जुड़ा कोई स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज परिजन शव को लेकर श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज के सामने चंद्रा-बलुआ रोड पर पहुंच गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।सूचना पर चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुटे हैं। मृतका चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। फिलहाल परिजन और ग्रामीण शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
