
84 घाट डूबे, सैकड़ों मंदिर गंगा की चपेट में, बाढ़ को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट
वाराणसी। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही लगातार बारिश के बीच वाराणसी में गंगा का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर के कारण गंगा के तटवर्ती इलाकों में चिंता बढ़ गई है। शहर के 84 घाट पानी में डूब चुके हैं, जबकि घाटों के किनारे स्थित सैकड़ों छोटे-बड़े मंदिर भी गंगा की चपेट में आ गए हैं।
जलस्तर बढ़ने से घाटों का आपसी संपर्क प्रभावित हो गया है। कई स्थानों पर सीढ़ियां पूरी तरह पानी में समा गई हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। नाव संचालन और घाटों पर गतिविधियों को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वाराणसी पुलिस और जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ ही राहत एवं बचाव की तैयारियों को भी सक्रिय रखा गया है।
इसी बीच पुलिस कमिश्नर ने बाढ़ की स्थिति और पुलिस की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
