गंगा स्नान को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए 16 घाटों पर जेटी लगाया गया

वाराणसी में श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त काशी जोन के मार्गदर्शन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में जल पुलिस टीम ने गंगा नदी के प्रमुख घाटों पर जेटी (Jetty) लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की है।

इस योजना के तहत कुल 16 प्रमुख घाटों—तुलसी घाट, अस्सी घाट (रेता साइड), शिवाला/गुलरिया घाट, केदार घाट, चौसट्ठी घाट, मुंशी घाट, अहिल्याबाई घाट, मीर घाट, सिंधिया घाट, पंचगंगा घाट, गाय घाट, गोला घाट, दशाश्वमेध घाट (रेता साइड), त्रिलोचन घाट, डोमरी घाट (रेता साइड) और ललिता घाट—पर जेटी स्थापित की गई है।

इन जेटियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के दौरान सुरक्षित आवागमन, नावों पर चढ़ने-उतरने में सुविधा और भीड़भाड़ के समय बेहतर व्यवस्था मिलेगी। खासतौर पर पर्व और त्योहारों के दौरान यह व्यवस्था अधिक उपयोगी साबित होगी, जब घाटों पर भारी भीड़ उमड़ती है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रत्येक जेटी पर प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही लाइफ जैकेट, बचाव उपकरण और आपातकालीन सहायता की भी व्यवस्था रहेगी। जल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखें।

इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी चिंता के अपनी आस्था के अनुसार गंगा स्नान कर सकें।

TOP

You cannot copy content of this page