मंडुवाडीह में दिखेगा ‘भूत बंगले’ का रहस्य! 12 फीट ऊंची मां ब्रह्मचारिणी की प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र

सप्तमी को खुलेंगे मां के पट, नवमी पर डांडिया और दशमी को होगा जागरण; 1986 से दुर्गा पूजा का आयोजन कर रहा आदर्श स्पोर्टिंग क्लब

वाराणसी। शारदीय नवरात्रि में मंडुवाडीह का माहौल इस बार कुछ अलग और खास होने वाला है। वाराणसी के मंडुवाडीह वार्ड नंबर-6 में आदर्श स्पोर्टिंग क्लब की ओर से इस वर्ष ‘भूत बंगला’ थीम पर आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। मंडुवाडीह बाजार की सब्जी मंडी के पास बन रहे इस पंडाल को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है। खास बात यह है कि पंडाल में मां ब्रह्मचारिणी की 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी।

क्लब के संरक्षक श्रीनाथ उर्फ बबलू गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को पंडाल में मां ब्रह्मचारिणी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस वर्ष मां सफेद वस्त्र धारण कर भक्तों को दर्शन देंगी। पंडाल के निर्माण में भूत बंगले की थीम को ध्यान में रखा जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को एक अलग तरह का अनुभव मिलेगा। मां के पट सप्तमी को खोले जाएंगे, जिसके बाद भक्त दर्शन-पूजन कर सकेंगे।

सप्तमी से दशमी तक होंगे विशेष आयोजन

आदर्श स्पोर्टिंग क्लब की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी की गई है। सप्तमी के दिन प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन होगा। नवमी पर युवतियों और महिलाओं के लिए विशेष डांडिया कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें महिलाएं और युवतियां उत्साह के साथ हिस्सा ले सकेंगी। वहीं, दशमी के दिन जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मां दुर्गा की महिमा का गुणगान होगा।

1986 से परंपरा निभा रहा आदर्श स्पोर्टिंग क्लब

आदर्श स्पोर्टिंग क्लब की स्थापना वर्ष 1986 में हुई थी। तब से क्लब दुर्गा पूजा का आयोजन कर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। इस वर्ष क्लब के अध्यक्ष अंशु गुप्ता हैं। आयोजन को सफल बनाने में लव गुप्ता, विशाल गुप्ता उर्फ विक्की, अभिषेक कान्हा, राजेंद्र सोनकर, मोनू पंडित, धीरज पटेल और सौरभ भारद्वाज सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।

भूत बंगले की अनूठी थीम, सफेद वस्त्रों में मां ब्रह्मचारिणी की भव्य प्रतिमा और लगातार चार दिनों तक चलने वाले धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मंडुवाडीह का यह दुर्गा पूजा पंडाल इस बार खास आकर्षण बनने की तैयारी में है।

TOP

You cannot copy content of this page