पीएम मोदी की अपील पर काशी में दिखा असर, जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने लिया ईंधन बचत का संकल्प
वाराणसी (काशीवार्ता)। देश में बढ़ती ऊर्जा जरूरतों, वैश्विक परिस्थितियों और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री की ईंधन बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील अब उनके संसदीय क्षेत्र काशी में जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगी है। प्रधानमंत्री द्वारा अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने के संदेश के बाद मुख्यमंत्री ने भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से ईंधन संरक्षण को राष्ट्रीय दायित्व मानते हुए व्यवहारिक पहल करने का आह्वान किया। इसका असर अब वाराणसी में साफ नजर आ रहा है, जहां अधिकारी और जनप्रतिनिधि खुद उदाहरण बनकर सामने आ रहे हैं।
महापौर अशोक तिवारी पैदल पहुंचे कार्यालय
वाराणसी नगर निगम के महापौर ने प्रधानमंत्री के आह्वान को व्यवहार में उतारते हुए अपने आवास से पैदल नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नई मिसाल पेश की। नगर निगम में प्रत्येक शनिवार “नो फ्यूल डे” मनाने का निर्णय लिया गया है, लेकिन महापौर ने इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए नियमित रूप से पैदल दफ्तर आने का संकल्प लिया। उन्होंने कर्मचारियों से भी सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी पेट्रोल-डीजल वाहनों का उपयोग न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने साइकिल से दिया जनसंदेश
कैंट विधायक ने प्रधानमंत्री की पहल की सराहना करते हुए साइकिल को अपनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जब नेतृत्व स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करता है तो वह धीरे-धीरे जनआंदोलन का रूप ले लेता है। विधायक ने बताया कि वे कार की जगह साइकिल का प्रयोग कर रहे हैं और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में अन्य कदम भी उठा रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी राष्ट्रहित में संसाधनों के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग की अपील की।
वीडीए के जोनल अधिकारी ने भी अपनाई साइकिल
के जोन-5 के जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा ने 14 मई से अपने घर से कार्यालय तक साइकिल से आना-जाना शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की ईंधन बचत और स्वस्थ जीवनशैली की अपील तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेश से प्रेरित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया। उनके घर से कार्यालय की दूरी लगभग 6 किलोमीटर है। उन्होंने कहा कि छोटी दूरी के लिए साइकिल का प्रयोग न केवल ईंधन बचाएगा, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी साबित होगा।
