पटाखा विस्फोट कांड में पुलिस कमिश्नरेट का बड़ा एक्शन! चौकी प्रभारी और बीट सिपाही सस्पेंड, विभागीय जांच शुरू

वाराणसी। सारनाथ में अवैध पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में पुराना पुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनुज शुक्ला और संबंधित बीट के आरक्षी प्रकाशचंद्र यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार 15 अक्टूबर को सारनाथ थाना क्षेत्र के सारंगनाथ/पंचकोशी रोड स्थित राजू खान के मकान में पटाखा बनाने के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाका इतना भीषण था कि दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई थी।

लापरवाही पर गिरी गाज, दो पुलिसकर्मी निलंबित

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा जोन कार्यालय की ओर से कार्रवाई की गई है। जारी प्रेस नोट के अनुसार, प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोप में पुराना पुल चौकी प्रभारी अनुज शुक्ला और संबंधित बीट के सिपाही प्रकाशचंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया है।

विभागीय जांच शुरू, साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त, वरुणा जोन ने बताया कि मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सारनाथ विस्फोट कांड के बाद पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध पटाखा निर्माण के मामले में गंभीरता से लिए जाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। अब विभागीय जांच में यह स्पष्ट होगा कि इस मामले में पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका रही और किन परिस्थितियों में कथित अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।

TOP

You cannot copy content of this page