पीसीई ने डीआरएम के साथ रेल परियोजनाओं की समीक्षा की, राजातालाब LHS निर्माण स्थल का किया निरीक्षण

वाराणसी, 29 अगस्त 2026। पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय ने शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के साथ मंडल में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। डीआरएम कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभागार में आयोजित बैठक में अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के तहत विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति की गति तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई। प्रमुख मुख्य इंजीनियर ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और संरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के बाद पीसीई तुषार कान्त पाण्डेय ने डीआरएम आशीष जैन के साथ राजातालाब यार्ड स्थित समपार संख्या 13 Spl पर प्रस्तावित लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) के निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थल की भौतिक एवं तकनीकी स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान समपार पर यातायात के TVU स्तर, सड़क यातायात का दबाव और स्थानीय लोगों की आवागमन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए LHS की उपयोगिता पर चर्चा हुई। प्रस्तावित सबवे के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध होने के साथ समपार पर सड़क यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने LHS निर्माण की कार्ययोजना, जल निकासी, पहुंच मार्ग, तकनीकी आवश्यकताओं तथा निर्माण के दौरान रेल परिचालन और संरक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया। संबंधित अधिकारियों को सभी तकनीकी एवं संरक्षा पहलुओं का समुचित अध्ययन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/आर.एस.पी. नवीन कुमार झा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page