पीएम मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो की तैयारियों की सीएम योगी ने की समीक्षा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर जोर

ग्रीन कॉरिडोर, पर्याप्त पुलिस बल, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, नमो घाट से अस्सी घाट तक होगी विशेष तैयारी

वाराणसी, 14 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और आगामी एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन में भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए। पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था के साथ स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

मुख्यमंत्री ने घाटों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने के साथ पर्याप्त बैरिकेडिंग और लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। घाटों पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने तथा नमो घाट से अस्सी घाट तक विशेष साफ-सफाई और पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि एयर शो के साथ ही शहर में आयोजित होने वाले विभिन्न त्योहारों और कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

योगी आदित्यनाथ ने एयर शो की व्यवस्थाओं में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं को भी शामिल करने की बात कही। उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। सभी पार्किंग स्थलों पर पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा।

शहर की साज-सज्जा और सफाई पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने नगर निगम को घाटों पर सिल्ट की सफाई के साथ पूरे शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख मार्गों तक विद्युत खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने और प्रमुख चौराहों का सुंदरीकरण कराने के लिए विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रशासनिक एवं पुलिस तैयारियों की जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आयोजन के मद्देनजर घाटों पर सिल्ट सफाई, 300 मोबाइल टॉयलेट और 400 वाटर टैंकर की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्वच्छता व्यवस्था के लिए तीन हजार सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

बैठक में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक कुमार तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुनील पटेल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह और जगदीश पटेल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया। प्रशासनिक अधिकारियों में एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार समेत एयरफोर्स और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने और आयोजन के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

TOP

You cannot copy content of this page