मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन-पूजन, बच्चों को चॉकलेट देकर जाना हाल

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार, 14 अक्टूबर को अपने वाराणसी दौरे के दौरान काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा के दरबार में शीश नवाकर लोक कल्याण और जनसमृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन किया और आरती में शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और षोडशोपचार पूजन संपन्न कर लोक कल्याण की प्रार्थना की।

दर्शन-पूजन के दौरान मुख्यमंत्री का स्नेहिल अंदाज भी देखने को मिला। बाबा काल भैरव मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों को उन्होंने प्यार से चॉकलेट दी और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली। वहीं, बच्चे भी पूरे उत्साह और सहजता के साथ मुख्यमंत्री से बातचीत करते नजर आए।

मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार ने मंदिर परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुनील पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page