वाराणसी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों से राखी बंधवाकर लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शिवपुर थाना क्षेत्र के दादूपुर रिंग रोड पर शनिवार शाम करीब 4:30 बजे फंटेसिया वॉटर पार्क मार्ग पर अचानक सामने आए सांड़ से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में लोढ़ान गांव निवासी 28 वर्षीय संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संदीप को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर, घर पर बहनें स्वाति और मुस्कान भाई के लौटने का इंतजार कर रही थीं। उन्हें क्या पता था कि राखी बांधने के बाद निकला भाई अब कभी वापस नहीं आएगा। संदीप की मौत की खबर मिलते ही रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं।
संदीप अपने पीछे पत्नी काजल, दो मासूम बच्चों, मां संजू देवी और छोटे भाई को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, संदीप की मौत से पूरे लोढ़ान गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रक्षाबंधन के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
