कोयला बाजार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दो स्कूटी जलकर राख, मोहल्ले में मची अफरा-तफरी

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोयला बाजार स्थित सलेमपुर मोहल्ले में एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने मकान मालिक आजाद को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही मकान मालिक प्रथम तल से नीचे पहुंचे तो घर में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी और एक पेट्रोल स्कूटी आग की चपेट में थीं। देखते ही देखते दोनों स्कूटी जलने लगीं। वहीं, पास में खड़ी एक अन्य स्कूटी को आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया।

स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जली हुई गाड़ियों को मकान से बाहर निकालकर खुले मैदान में खड़ा किया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

गनीमत रही कि आग के दौरान किसी स्कूटी की पेट्रोल टंकी नहीं फटी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में दो स्कूटी जलकर राख हो गईं।

TOP

You cannot copy content of this page