काशी में विकास की रफ्तार तेज, 9 वर्षों में 35,156 करोड़ की 486 परियोजनाएं पूरी : रविंद्र जायसवाल

वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने बुधवार को चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित थी। इस अवसर पर उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।

मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी में पिछले 9 वर्षों में सड़क, सेतु, पेयजल, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, पर्यटन और नगर विकास से जुड़ी 486 प्रमुख परियोजनाएं लगभग 35,156 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की गई हैं। इसके अलावा करीब 17,915 करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद में 22,829 करोड़ रुपये की लागत से 127 सड़क और सेतु परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 5,813 करोड़ रुपये की परियोजनाएं अभी प्रगति पर हैं। रेलवे, एयरपोर्ट और जलमार्ग से जुड़ी परियोजनाओं पर भी बड़े स्तर पर काम हुआ है।

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत वाराणसी में 877.65 करोड़ रुपये की लागत से 34 परियोजनाएं पूरी की गई हैं। इनमें काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, शहर में 720 स्थानों पर सर्विलांस कैमरे, सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, टाउन हॉल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, 3D अर्बन डिजिटल मैप और गोदौलिया में मल्टीलेवल टू-व्हीलर पार्किंग जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

पेयजल और सीवरेज व्यवस्था के तहत 1000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 60 परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जबकि 2100 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। शिक्षा क्षेत्र में 512 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाएं पूरी की गईं और 544 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में 1870.36 करोड़ रुपये की लागत से 43 परियोजनाएं पूरी हुई हैं। इनमें होमी भाभा कैंसर अस्पताल, बीएचयू में 430 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा में 100 बेड की मैटरनिटी विंग और बोन मैरो ट्रांसप्लांट व स्टेम सेल रिसर्च सेंटर शामिल हैं।

पर्यटन विकास के तहत 721 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाएं पूरी की गई हैं। इनमें नमो घाट, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, सारनाथ पर्यटन विकास, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का विकास और लेजर एंड साउंड शो जैसी परियोजनाएं प्रमुख हैं।

मंत्री ने बताया कि वाराणसी में गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास 100-150 एकड़ में काशी स्पोर्ट्स सिटी टाउनशिप विकसित करने की योजना है। साथ ही शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए 48 हेक्टेयर में ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जा रहा है।

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जनपद में 3,05,823 किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, 38,167 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, 5,967 लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना और 2,49,259 लोगों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है।

इसके अलावा 12,34,995 लोगों के आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाए गए, 5,99,923 लोगों को राशन कार्ड और 55,673 लोगों को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ दिया गया है।

मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के चलते वाराणसी की अर्थव्यवस्था में भी तेजी आई है। वर्ष 2017 में जनपद का जीडीपी जहां 22,586.91 करोड़ रुपये था, वह अब बढ़कर 51,036 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं प्रति व्यक्ति आय भी बढ़कर 1,03,354 रुपये हो गई है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र राय, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर सिंह सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page