
दो दिवसीय एक्सपो में 5000 से अधिक उद्यमी होंगे शामिल, 500 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
वाराणसी (काशीवार्ता) आईआईए के अंतरराष्ट्रीय टूरिज्म एवं हास्पिटैलिटी एक्सपो का उद्घाटन आज सुबह ताज होटल में हुआ। इस दौरान मंत्री रविन्द्र जायसवाल, मेयर अशोक तिवारी, जिलाधिकारी सौरभ कुमार एवं कुलपति द्वय बिहारी लाल शर्मा एवं ए के त्यागी के साथ अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकरपुरी, पद्मभूषण रजनीकांत मौजूद रहे। इन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर इसका शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा, यह अन्तर्राष्ट्रीय एक्सपो बनारस ही नहीं, पूरे प्रदेश के लिए फायदेमंद होने वाला है। उन्होंने कहा इससे हर वर्ग लाभान्वित होगा। ख़ासकर पर्यटको इसका लाभ मिलेगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर के चौधरी ने कहा, इस तरह का एक्सपो पहली बार हो रहा है, जिसमें विभिन्न देशों के राजदूत, उच्चायुक्त सहित भारी संख्या में उद्यमी भाग ले रहे है। इससे अकेले बनारस का पर्यटन उद्योग 500 करोड़ से अधिक का कारोबार करेगा।
इस अवसर पर आईआईए के राष्ट्रीय महासचिव दीपक बजाज ने कहा, इन्वेस्ट यूपी एवं उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित एक्सपो से प्रदेश के पर्यटन के साथ ही आतिथ्य क्षेत्र को रोजगार के अवसर के साथ ही उनके कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य राजेश भाटिया, उद्यमी अनुपम देवा, पंकज अग्रवाल, नीरज पारिख, राहुल मेहता आदि मौजूद रहे।
