पछुआ हवा से बनारस में बढ़ी ठंड, 4.1 डिग्री गिरा दिन का तापमान

वाराणसी में इन दिनों पहाड़ों से आ रही पछुआ हवा ने ठंड का असर तेज कर दिया है। लॉ नीना के सक्रिय होने के कारण मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार से हवा की रफ्तार बढ़ने के बाद न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई, जिससे गलन काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए कोल्ड-डे की चेतावनी जारी की है। ठंड के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

सुबह के समय घना कोहरा दिनचर्या पर भारी पड़ा। सुबह 7 बजे तक दृश्यता महज 50 मीटर रही, जो 9 बजे तक बढ़कर 200 मीटर पहुंची। ठंड और गलन के कारण लोगों को खासा परेशानी हुई। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री कम 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री रहा।

मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह-शाम घना कोहरा और गलन बनी रहेगी, हालांकि दिन में हल्की धूप निकल सकती है। कई साल बाद दिसंबर में इतनी कड़ाके की ठंड पड़ी है। आमतौर पर महीने के अंत में शुरू होने वाली ठंड इस बार करीब दस दिन पहले ही तेज हो गई है।

ठंड के बावजूद गंगा घाटों पर पर्यटकों की चहल-पहल बनी हुई है। घने कोहरे में नाविक सतर्कता से नाव चला रहे हैं, वहीं पर्यटक घाटों की खूबसूरती और साइबेरियन पक्षियों की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

TOP

You cannot copy content of this page