वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में व्यापार में साझेदारी का झांसा देकर एक युवती से 8 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने उसकी पुरानी सहेली समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुरानी सहेली ने दिया लालच
जानकारी के अनुसार, सारनाथ के पहड़िया स्थित गणपत नगर कॉलोनी निवासी बंदना देवी की मुलाकात अपनी 25 साल पुरानी सहेली रिया मिश्रा (निवासी शिवपुरवा, महमूरगंज) से हुई। रिया बंदना की मां के घर आई थी। इस दौरान बंदना ने उससे अपने पुराने 30 हजार रुपये वापस मांगे। पैसे लौटाने के बजाय रिया ने उसे लहंगा और आर्टिफिशियल ज्वेलरी के व्यवसाय में पार्टनरशिप का प्रस्ताव दिया।
लाखों के लहंगे और ज्वेलरी दिखाकर बनाया भरोसा
रिया ने बंदना का विश्वास जीतने के लिए उसे अपने घर बुलाया और वहां लाखों रुपये के लहंगे और ज्वेलरी दिखाए। इसके बाद बंदना साझेदारी के लिए तैयार हो गई और रिया को 5 लाख रुपये दे दिए। बाद में पार्टनरशिप के कागजात तैयार कराने के नाम पर उससे 3 लाख रुपये और ले लिए।
फाइनेंस के नाम पर भी ठगी
इसके बाद रिया ने व्यवसाय बढ़ाने का भरोसा दिलाकर एक फाइनेंस कंपनी के जरिए बंदना के नाम पर लोन भी करवा दिया। फाइनेंस कंपनी के प्रशांत, सिद्धांत और आशी श्रीवास्तव से बातचीत के बाद बंदना के खाते में 5 लाख रुपये की पहली किस्त आई, जिसे रिया ने आरटीजीएस के माध्यम से तुरंत अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया।
जब बंदना को अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो उसने सारनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रिया मिश्रा सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
