वाराणसी। नए साल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर में VIP, प्रोटोकॉल और स्पर्श दर्शन पर 3 जनवरी 2026 तक रोक लगा दी गई है।
यह व्यवस्था बृहस्पतिवार से प्रभावी हो गई है और 3 जनवरी तक लागू रहेगी। मंदिर प्रशासन के अनुसार, भीड़ की स्थिति सामान्य होने पर आगे के निर्णय लिए जाएंगे। नए साल के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
हालांकि इस अवधि में सामान्य और सुगम दर्शन की व्यवस्था जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालु सुचारू रूप से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकें। बुधवार को बाबा विश्वनाथ धाम में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया, जिससे मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव साफ नजर आया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।
