
वाराणसी। भारतीय युवा कांग्रेस के अनुमोदन के बाद जारी पत्र में राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की संस्तुति पर उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पूर्वी) के अध्यक्ष विशाल सिंह और राष्ट्रीय सचिव व पूर्वी जोन प्रभारी विवेक यागवाल ने चंचल शर्मा को वाराणसी (शहर) का महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी उन्हें संगठन के प्रति उनके लंबे समय से किए गए काम, सक्रियता और समर्पण को देखते हुए दी गई है।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि चंचल शर्मा युवाओं की समस्याओं, बेरोजगारी, महंगाई और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहे हैं। संगठन को मजबूत करने में उनका योगदान हमेशा प्रभावी रहा है। शीर्ष नेतृत्व ने उनकी क्षमता और प्रतिबद्धता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उन्हें भरोसा है कि चंचल शर्मा अपने पद का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे और युवा कांग्रेस को शहर में और मजबूत बनाएंगे।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने बताया कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और संकल्प के साथ निभाएंगे। युवाओं के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए और नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को और सक्रिय बनाने का उनका प्रयास जारी रहेगा।
चंचल शर्मा की नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव व पूर्वी प्रभारी विवेक यागवाल, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल सिंह, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की और शुभकामनाएं दी।
