
तीन थानों की फोर्स
पहुंची,एक युवक हिरासत में
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवादा सुंदरपुर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ऑटो चालक और एक युवक के बीच हुई मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने पेपर काटने वाले ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही चितईपुर थाना पुलिस के साथ तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना रात्रि करीब 10 बजे के आसपास की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी क्राइम सरवण टी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत युवक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस जांच में जुटी थी। पुलिस ने इस मामले में घटनास्थल से नेवादा सुंदरपुर निवासी विवेक नामक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की भूमिका और घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
एडीसीपी क्राइम ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
